महागठबंधन की सीटों का ऐलान, झामुमो को 43 कांग्रेस को 31 सीटें; हेमंत होंगे CM पद के उम्मीदवार

 




गठबंधन में शामिल दलों के बीच शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में सीट शेयरिंग का एलान किया गया।



 


रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी महागठबंधन का ऐलान हो गया है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा 43 और कांग्रेस 31 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। महागठबंधन के तहत राष्ट्रीय जनता दल को सात सीटें दी गई हैं। रांची के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने यह जानकारी दी।


बताया गया कि हेमंत सोरेन  मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। कहा कि किसी भी विधानसभा सीट पर दोस्ताना संघर्ष नहीं होगा। जो ऐसा करेगा, उस पर पार्टी कार्रवाई करेगी। घोषणा के अनुसार, पहले चरण की 13 सीटों के लिए सीट शेयरिंग के अनुसार 6 सीटों पर कांग्रेस और 4 सीटों पर झामुमो और तीन सीटों पर राजद लड़ेगा। गठबंधन पर हेमंत सोरेन ने कहा कि हमने अभी एक कड़ी जोड़ी है। अभी और कड़ी जुड़ेगी।हालांकि बताया जा रहा है कि राजद नेता तेजस्वी यादव सीटों को लेकर अड़ गए हैं। वे कम से कम आठ सीटें मांग रहे हैं। पहले यह संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस दोपहर दो बजे प्रस्तावित थी। लेकिन तेजस्वी के नहीं आने के बाद शाम चार बजे प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बताया जा रहा है कि विश्रामपुर पर मामला फंसा है। देवघर को लेकर भी मतभेद है। महागठबंधन में झामुमो, कांग्रेस और राजद शामिल हैं। इसके अलावा वाम दल और झाविमो गठबंधन के तहत शामिल नहीं हैं।


कांग्रेस की सीटें इस प्रकार है।


बरही, धनबाद, पाकुड़, बेरमो, जमशेदपुर दोनों, रामगढ़, मनिका, बोकारो, डाल्टनगंज, खिजरी, कांके, पांकी, विश्रामपुर, लोहरदगा।


राजद की सीटें


देवघर, चतरा, छतरपुर, गोड्डा, हुसैनाबाद, कोडरमा, और बरकट्ठा।


झामुमो की सीटें इस प्रकार है।


गुमला, सिसई, घाटशिला, गांडेय, बरहेट, दुमका, चाईबासा, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, गिरिडीह, बोरिया, महेशपुर, टुन्डी, शिकारीपाड़ा, सरायकेला, सिल्ली, जामा, डुमरी, बहरागोड़ा, लिट्टीपाड़ा, बिशुनपुर, लातेहार, गढ़वा।